पटना , जनवरी 24 -- बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने पटना में एक नीट छात्रा के कथित बलात्कार और हत्या की घटना पर सवाल उठते हुए शनिवार को कहा कि हाल ही में संपन्न हुए बिहार चुनाव के समय कानून व्यवस्था के नाम पर वोट मांगने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मामले में चुप क्यों हैं।
श्री यादव ने कहा कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी दावा किया करते थे कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था स्थापित कर दी है, लेकिन नीट की छात्रा की हत्या ने हकीकत की पोल खोल दी है।
श्री यादव ने वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री मोदी बिहार में डेरा डाले हुए थे। चुनाव प्रचार के दौरान श्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यह दावा करते थे कि नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजग सरकार ने राज्य में कानून का राज स्थापित कर दिया है। लेकिन बढ़ते अपराध बता रहे हैं कि हकीकत कुछ और है। उन्होंने पटना के एक निजी हॉस्टल में नीट की एक छात्रा के साथ बलात्कार और उसकी हत्या का मुद्दा उठाया और कहा कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था पर बार बार सवाल उठाने वाले प्रधानमंत्री मोदी इस जघन्य हत्या पर चुप क्यों हैं।
राजद नेता श्री यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)ने कई बड़े-बड़े वादे किए थे, जिनमें महिलाओं को आजीविका के लिए अपने उद्यम शुरू करने के इए दो-दो लाख रुपये देने का वादा भी शामिल था। उन्होंने कहा कि अगले पाँच वर्षों में एक करोड़ नौकरियाँ और रोजगार देने का वादा भी किया गया था। उन्होंने कहा कि राजद इस सभी वादों और सरकार के कदम पर कड़ी नजर रखेगा और उसे आईना दिखाता रहेगा।
श्री यादव ने कर्पूरी ठाकुर के मुख्यमंत्री और मंत्री रहते हुए उनके अपमान के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भगवा ब्रिगेड से अपमान और उत्पीड़न झेलने के बावजूद कर्पूरी ठाकुर ने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि कर्पूरी ठाकुर की तरह उनके पिता लालू प्रसाद ने भी कभी आत्मसमर्पण नहीं किया और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वह बिहार में नवगठित नीतीश-नेतृत्व वाली राजग सरकार के प्रदर्शन पर 100 दिनों तक कोई टिप्पणी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद बनी किसी भी सरकार को उसके प्रदर्शन पर टिप्पणी से पहले समय दिया जाना चाहिए।
राजद नेता ने कहा कि सरकार के प्रदर्शन पर उनकी चुप्पी, चुनावों के बाद पर्याप्त समय देने के सिद्धांत का हिस्सा है। उन्होंने अफसोस जताया कि उनकी इस चुप्पी का मजाक उड़ाया जा रहा है और उनके राजनीतिक जीवन के खत्म होने की बात कही जा रही है।
श्री यादव ने कहा कि वह पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए बिहार के सभी जिलों का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी की हार के पीछे राजनीतिक वजह कम और व्यवस्था के दुरुपयोग की भूमिका ज्यादा थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित