पटना , दिसंबर 17 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम के निर्देश पर पटना शहर में 15वें दिन भी अतिक्रमण उन्मूलन का मल्टी- एजेंसी विशेष अभियान चलाया गया।

यह अभियान पटना नगर निगम सहित विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित हुआ, जिसकी जिलाधिकारी स्वयं नियमित निगरानी और समीक्षा कर रहे हैं।

अभियान में प्रशासन, नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, पुलिस, अग्निशमन, विद्युत, दूरसंचार सहित कई विभागों की संयुक्त भागीदारी रही। जिलाधिकारी ने सभी एसडीओ और एसडीपीओ को अभियान का प्रभावी पर्यवेक्षण करने और पुनः अतिक्रमण रोकने के लिये फॉलोअप टीम को लगातार सक्रिय रखने का निर्देश दिया है।

आज कि कार्रवाई में नूतन राजधानी अंचल, पाटलिपुत्र, बांकीपुर, अजीमाबाद, पटना सिटी, कंकड़बाग, दानापुर, खगौल और फुलवारीशरीफ समेत कई क्षेत्रों में सड़क किनारे, बाजार और प्रमुख मार्गों से अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। गांधी मैदान, बोरिंग रोड, कदमकुआं, सब्जीबाग, पटना साहिब से मालसलामी मार्ग सहित अन्य इलाकों में ठेला, दुकान, बांस-झोपड़ी, पोस्टर-बैनर हटाए गए और सामान जब्त किया गये।

इस अभियान के दौरान विभिन्न अंचलों से कुल 90,900 का जुर्माना वसूला गया। साथ ही यातायात पुलिस द्वारा विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि एंटी-इंक्रोचमेंट ड्राइव नियमित रूप से जारी रहेगा। दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर प्राथमिकी दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिये गये हैं। इस क्रम में आदतन अतिक्रमणकारियों को चिन्हित कर दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अतिक्रमण और यातायात नियम उल्लंघन के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित