पटना, मार्च 10 -- पटना नगर निगम ने मंगलवार को पटना शहर में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को जन-जन पहुचाने के उद्देश्य से स्वच्छता जागरूकता कवि सम्मेलन का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से आए प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पटना की महापौर श्रीमती सीता साहू एवं उपमहापौर श्रीमती रेशमी कुमारी ने किया। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सीता साहू ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर के साथ-साथ अपने आस-पास के वातावरण को भी स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभायें, जिससे पटना को एक स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके।
उपमहापौर श्रीमती रेशमी कुमारी ने कहा कि स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत प्रभावी माध्यम होते हैं।
कवि सम्मेलन में प्रसिद्ध कवि नीलोत्पल मृणाल (भोपाल),पंकज प्रसून (लखनऊ),समीर परिमल (पटना),डॉ. तिष्या श्री (दरभंगा)तथा चंदन द्विवेदी (पटना) ने अपनी प्रभावशाली कविताओं के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया। अपने काव्य पाठ के जरिए कवियों ने स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित