पटना, अप्रैल 13 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और नगर विकास एवं आवास मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि पटना नगर निगम की ओर से 200 करोड़ रुपये तक के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने के प्रस्ताव पर विभाग ने अनुमति प्रदान करते हुए इसे वित्त विभाग की सहमति के लिये अग्रसारित कर दिया है।
श्री सिन्हा ने बताया कि वित्त विभाग से सहमति प्राप्त होने के बाद प्रस्ताव को कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा तथा स्वीकृति मिलने के बाद विभागीय दिशा-निर्देशों के आलोक में पटना नगर निगम की ओर से बॉन्ड जारी करने की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने कहा कि म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने वाले देश के कुछ चुनिंदा नगर निकायों में पटना भी शामिल होगा।
गौरतलब है कि पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की 19वीं बैठक, 12 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें 200 करोड़ रुपये तक के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद उक्त प्रस्ताव राज्य सरकार की सहमति के लिये भेजा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित