पटना , जनवरी 30 -- राजधानी पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान (जू) में वर्षों से बंद पड़ी टॉय ट्रेन दोबारा शुरू होगी और पूर्व मध्य रेलवे इससे जुड़े आवश्यक निर्माण और संरचनात्मक कार्य करायेगा।

बीते गुरुवार को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में इस परियोजना के लिये पांच करोड़, 81 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस राशि से जू परिसर में ब्रिज, रिटेनिंग वॉल और ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण के साथ- साथ अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनात्मक कार्य कराये जायेंगे।

जू प्रशासन के अनुसार, बच्चों की इस लोकप्रिय ट्रेन को पहले से अधिक सुरक्षित, रोचक और यादगार बनाने के उद्देश्य से नये सिरे से डिजाइन किया जा रहा है। प्रस्तावित टॉय ट्रेन का ट्रैक लगभग 3.7 किलोमीटर लंबा होगा। यह ट्रेन जू स्थित चिल्ड्रेन स्टेशन से शुरू होकर हाइना पिंजरा, जू अस्पताल, आहार गोदाम, शेर, बाघ और भालू के पिंजरों से गुजरते हुये पक्षी पिंजरा तक जायेगी, जिससे यात्रियों को पूरे जू का मनोरम दृश्य देखने को मिलेगा।

नई टॉय ट्रेन में कुल चार बोगियां होंगी। प्रत्येक बोगी में 20 से 30 यात्रियों के बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी। विशेष बात यह है कि इस बार टॉय ट्रेन में आधुनिक तकनीक से लैस बैट्री ऑपरेटेड और ईको- फ्रेंडली इंजन लगाये जायेंगे, जिससे पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।

उल्लेखनीय है कि पटना जू की यह टॉय ट्रेन वर्ष 2015 से बंद पड़ी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित