पटना , फरवरी 06 -- बिहार के बहुचर्चित करोड़ों रूपये के चारा घोटाले के एक मुख्य मामले में शुक्रवार को राजधानी पटना स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की विशेष अदालत में 112 वें गवाह की पेशी हुई।

विशेष न्यायाधीश राकेश कुमार की अदालत में सीबीआई ने अपने 112 वें गवाह के रूप में सीबीआई के तत्कालीन इंस्पेक्टर अजय कुमार झा की गवाही करायी। मुख्य परीक्षण और प्रति परीक्षण के बाद गवाह को उन्मुक्त कर दिया गया।

यह मामला भागलपुर के बांका उप जिला कोषागार से पशुपालन विभाग में जाली विपत्रों के आधार पर लगभग 45 लाख रूपयो की अवैध निकासी का है । इस मामले में पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद सहित कई तत्कालीन मंत्री, विधायक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी आरोपित हैं। सीबीआई ने इस मामले में कांड संख्या आर सी 63 (ए) /96 दर्ज किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित