नयी दिल्ली , दिसंबर 19 -- दिल्ली ने विजय हजारे ट्रॉफी के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को कप्तान बनाया है। दिल्ली की टीम में विराट कोहली को भी शामिल किया गया है।
डीडीसीए की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि इशांत शर्मा और नवदीप सैनी भी टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध होंगे। इसके अलावा हर्षित राणा भी जैसे ही उपलब्ध होंगे उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा।
टूर्नामेंट की शुरुआत 24 दिसंबर से होगी और दिल्ली को ग्रुप डी में हरियाणा, गुजरात, रेलवे, आंध्रा, सौराष्ट्र, ओडिशा और सर्विसे के साथ रखा गया है। ग्रुप डी के सभी मैच बेंगलुरु में खेले जाएंगे। 24 दिसंबर से आठ जनवरी के बीच दिल्ली की टीम सात मैच खेलेगी। अभी यह तय नहीं है कि पंत और कोहली इन सभी मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं, क्योंकि 11 जनवरी से भारत और न्यूजीलैंड के बीच एकदिवसीय सीरीज की शुरुआत होगी।
अगर ऋषभ पंत उपलब्ध नहीं होते हैं तो टूर्नामेंट के पहले दो मैचों के लिए अनुज रावत को स्टैंडबाई विकेटकीपर के तौर पर दिल्ली की 20 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। आयुष बदोनी को टीम का उप-कप्तान नियुक्त किया गया है।
टीम के अन्य बल्लेबाज़ों में यश ढुल, प्रियांश आर्य, अर्पित राणा, नीतीश राणा, सार्थक रंजन, दिविज मेहरा और आयुष डोसेजा शामिल हैं। तेज़ गेंदबाज़ी आक्रमण में सिमरजीत सिंह और प्रिंस यादव, वहीं स्पिन गेंदबाजी में ऋतिक शौकीन, हर्ष त्यागी और वैभव कांडपाल को जगह मिली है। ऑलराउंडर रोहन राणा को भी टीम में शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित