दुर्ग/भिलाई , दिसंबर 29 -- छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में आज पंडित धीरेंद्र शास्त्री से मुलाकात न हो पाने से आहत एक युवती द्वारा अपनी नस काटने का मामला सामने आया है। घटना के बाद युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

मामले की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना को लेकर कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने भावुक अपील करते हुए कहा कि किसी से मिलने या अपनी इच्छा पूरी न होने पर इस तरह का कदम उठाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि "मिलने के लिए नस काटना समाधान नहीं है, इससे केवल आफत ही आती है।"पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने अपने वक्तव्य में स्पष्ट किया कि वे किसी व्यक्तिगत पूजा के लिए नहीं, बल्कि हनुमान जी की पूजा और भक्ति के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि "हम खुद से नहीं, बल्कि लोगों को हनुमान जी से जोड़ने आए हैं। जीवन में सच्चा मार्ग वही है जो भक्ति, संयम और ज्ञान से होकर जाता है।"उन्होंने आगे कहा कि हनुमान जी के चरणों को पकड़ना, वक्ता के सार को समझना और गुरु के ज्ञान को आत्मसात करना ही जीवन को धन्य बनाता है। इस घटना के बाद प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा भी लोगों से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार के आत्मघाती कदम न उठाने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित