जालंधर , मार्च 23 -- पंजाब 40 साल के लंबे अंतराल के बाद नेशनल चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बी ए आई) ने 38वीं सब-जूनियर नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप की मेजबानी पंजाब को सौंपी है।

पंजाब बैडमिंटन एसोसिएशन (पीबीए) के मानद सचिव रितिन खन्ना ने सोमवार को जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह चैंपियनशिप 9 से 12 दिसंबर 2026 तक जालंधर के प्रतिष्ठित रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। पंजाब में आखिरी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप 1987 में आयोजित की गई थी, जो संयोगवश जालंधर में ही हुई थी। विजेताओं को कुल 10 लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसमें 33 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 350 खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है।

श्री खन्ना ने बताया कि पीबीए लगातार बीएआई के संपर्क में था और स्टेडियम के उन्नत बुनियादी ढांचे की समीक्षा के बाद मेजबानी के अधिकार दिए गए हैं। रायज़ादा हंसराज बैडमिंटन स्टेडियम में पिछले पांच वर्षों में एक करोड़ का निवेश किया गया है। अब यहाँ 10 कोर्ट, एक जिम, रेस्टोरेंट, स्पोर्ट्स शॉप और फिजियोथेरेपी केंद्र जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

चैंपियनशिप में अंडर-13 लड़कों और लड़कियों की श्रेणियों में सिंगल्स और डबल्स इवेंट होंगे। मैचों का संचालन बीएआई अधिकारियों की देखरेख में किया जाएगा। खिलाड़ियों, कोचों और प्रबंधकों के रहने और खाने की व्यवस्था पीबीए द्वारा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी और मानद सचिव रितिन खन्ना को खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पंजाब के राज्यपाल द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी इस स्टेडियम का दौरा कर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन जालंधर के प्रयासों की सराहना की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित