संगरूर , जनवरी 23 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गयी मुख्यमंत्री सेहतबीमा योजना को पंजाबियों के साथ खिलवाड़ करार देते हुए कहा है कि प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का मुफ्त चिकित्सा उपचार प्रदान करने का वादा किया था, लेकिन हकीकत में उसने केवल एक लाख रुपये का बीमा प्रदान किया है।

श्री खन्ना ने शुक्रवार को कहा कि पंजाबियों को मूर्ख बनाने के लिए प्रचार का हथकंडा अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए अपने बजट में 761 करोड़ रुपये रखे थे, लेकिन किसी को भी चिकित्सा कवर का लाभ नहीं दिया गया। सरकार आयुष्मान भारत योजना में अपने हिस्से के 200 करोड़ रुपये का भुगतान करने में भी चूक की है, जिसके कारण 15 लाख लोगों को चिकित्सा उपचार प्रदान करने वाली यह योजना बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार राज्य में प्रति व्यक्ति 10 लाख रुपये तक का चिकित्सा बीमा कवर देने के बारे गंभीर है तो उसे 10 हजार करोड़ रुपये का बजट आवंटित करना होगा। भाजपा नेता ने कहा कि सरकार दावा कर रही है कि वह 1200 करोड़ रुपये खर्च करके इस योजना को चलाएगी। ऐसा इसलिए है, क्योंकि इस योजना के तहत प्रति व्यक्ति केवल एक लाख रुपये चिकित्सा बीमा कवर दिया गया और सरकार ने राज्य स्वास्थ्य मिशन के कोष से अन्य दावों का भुगतान करने का वादा किया, इसका सीधा मतलब यह है कि पंजाबियों को केवल एक लाख रुपये का ही चिकित्सा बीमा कवर मिलेगा। श्री खन्ना ने कहा कि सरकार इस योजना की आड़ में आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान उपयोग के लिए आंकड़े एकत्र करने के अलावा कुछ नहीं करेगी। पंजाब में 16 मेडिकल कालेज खोलने का वादा करके एक भी कॉलेज नहीं खोला गया। एक साल पहले चुने गए 320 डॉक्टरों को अभी तक नियुक्त नहीं किया गया है और सरकार ने मोहल्ला क्लीनिकों में मरीजों को देखने के लिए निजी डॉक्टरों को प्रति मरीज 100 रुपये देने का शर्मनाक कार्य किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित