चंडीगढ़ , मार्च 11 -- पंजाब के सुशासन एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अमन अरोड़ा ने डिजिटल क्षेत्र में बच्चों की असुरक्षा को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच बुधवार को कहा कि राज्य सरकार बच्चों के सोशल मीडिया के उपयोग के संबंध में नियम बनाने के लिए केंद्र सरकार के साथ मामला उठाएगी और इसके साथ ही बच्चों के हितों की रक्षा के लिए वैश्विक सर्वोत्तम पहलों का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
पंजाब विधानसभा में विधायक राणा इंदर प्रताप सिंह के लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए श्री अरोड़ा ने कहा, "यह आयु-विशिष्ट होना चाहिए। हमें यह स्पष्ट करना होगा कि 08 से 12 वर्ष के बच्चों, 13 से 16 वर्ष के किशोरों और 18 वर्ष से ऊपर के लोगों के लिए कौन सा कंटेंट उपयुक्त है। पूर्ण प्रतिबंध अक्सर प्रतिबंधित वस्तु में बच्चों की मनोवैज्ञानिक रुचि को बढ़ा देते हैं और ऐसे निषेध युवा उपयोगकर्ताओं को इंटरनेट के अंधेरे और अनियमित कोनों की ओर धकेल देते हैं।"मोबाइल फोन की बढ़ती लत और बच्चों के हानिकारक ऑनलाइन कंटेंट के संपर्क में आने से निपटने के लिए राज्य सरकार की व्यापक "डिजिटल सेफ्टी नेट" रणनीति को रेखांकित करते हुए श्री अरोड़ा ने कहा , "यह चिंता केवल पंजाब या भारत तक ही सीमित नहीं है। यह एक महत्वपूर्ण वैश्विक नीतिगत मुद्दा बनकर उभरा है।" उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया खातों को प्रतिबंधित करने वाला कानून बनाया है, जबकि कर्नाटक ने इसी तरह के प्रतिबंध का प्रस्ताव रखा है। आंध्र प्रदेश भी 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए पहुंच को प्रतिबंधित करने पर विचार कर रहा है।
श्री अरोड़ा ने बताया कि इस चुनौती से सक्रिय रूप से निपटने के लिए पहले राज्य सरकार ने पंजाब पुलिस की साइबर अपराध शाखा और आईटी विभाग के सहयोग से "साइबर जागो" पहल शुरू की है, जो प्रतिक्रियाशील पुलिसिंग से आगे बढ़कर निवारक शिक्षा की ओर बढ़ रही है। इस कार्यक्रम के तहत, 3,968 सरकारी हाई स्कूलों के शिक्षकों को "डिजिटल मेंटर" के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है ताकि वे छात्रों को ऑनलाइन खतरों की पहचान करने और स्क्रीन टाइम को प्रबंधित करने के बारे में शिक्षित कर सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य नाबालिगों के डेटा को संसाधित करने के लिए "सत्यापन योग्य अभिभावकीय सहमति" जनादेश को लागू करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित