चंडीगढ़ , दिसंबर 16 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को बताया कि फतेहगढ़ साहिब की पावन धरती पर शहीदी सभा के अवसर पर छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की महान कुर्बानी को नमन करने के लिए दुनिया भर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए किए गए सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य इंतजाम व्यापक स्तर पर किए गए हैं ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 आम आदमी क्लीनिक और 5 डिस्पेंसरी स्थापित की जा रही हैं जहां विशेषज्ञ डॉक्टर और अन्य स्टाफ मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इन क्लीनिकों और डिस्पेंसरियों के लिए दवाइयां तथा अन्य सामान की व्यवस्था कर ली गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा शहर में संगत के आने-जाने के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा देने हेतु 'इंटर सिटी शटल बस सेवा' शुरू की जाएगी और शहीदी सभा के दौरान 200 शटल बसें तथा 100 ई-रिक्शा संगत के लिए तैनात होंगे। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस बार गूगल कंपनी की सेवाएं भी प्राप्त की जा रही हैं जो फतेहगढ़ साहिब आने वाली सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति के बारे में सटीक जानकारी देगी ताकि किसी सड़क पर अधिक ट्रैफिक होने की स्थिति में तुरंत वैकल्पिक प्रबंध किए जा सकें।
शहीदी सभा के अवसर पर 3300 से अधिक पुलिस जवान संगतों की सहायता के लिए ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस इंटीग्रेटेड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है जहां संगत की सुविधा के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 0176-3232838 भी जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि शहर की प्रमुख जगहों पर 300 सी.सी.टी.वी कैमरे लगाए जा रहे हैं ताकि समाज विरोधी तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित