चंडीगढ़ , फरवरी 20 -- पंजाब के मुख्य सूचना आयुक्त इंद्रपाल सिंह धन्ना ने अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस-2026 की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत संधू द्वारा लिखित पंजाबी मातृभाषा को दर्शाता एक साहित्यिक ब्रोशर जारी किया।
इस अवसर पर राज्य सूचना आयुक्त हरप्रीत संधू, वरिंदरजीत सिंह बिलिंग, डॉ. भूपिंदर सिंह बाथ, संदीप सिंह धालीवाल, पूजा गुप्ता तथा डी.के. तिवारी (आई.ए.एस.), अतिरिक्त मुख्य सचिव पंजाब सरकार उपस्थिति थे।
पंजाब सूचना आयोग मुख्यालय में आयोजित एक समारोह के दौरान श्री संधू ने बताया कि उन्होंने यह पिक्टोरियल (तस्वीरों सहित) ब्रोशर नेल्सन मंडेला द्वारा कही गई प्रसिद्ध उक्ति से प्रेरित होकर तैयार किया है, ''यदि आप किसी व्यक्ति से उस भाषा में बात करते हैं जिसे वह समझता है, तो शब्द उसके दिमाग में जाते हैं, लेकिन यदि आप उससे उसकी मातृभाषा में बात करते हैं, तो वे उसके दिल तक पहुंचते हैं,'' ताकि मातृभाषा पंजाबी की शानदार विरासत को और अधिक प्रफुल्लित किया जा सके।
राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस का उद्देश्य नयी पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़कर मातृभाषा को अपनाने, सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के प्रति जागरूक करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित