चंडीगढ़ , मार्च 10 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की पंजाब ईकाई ने पंजाब यूनिवर्सिटी में श्री गुरु तेग बहादुर जी के दर्शन पर आयोजित सेमिनार में आरएसएस की उत्तरी भारत शाखा के प्रमुख रणवीर राणा को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाए जाने की तीखी निंदा की है।

पंजाब प्रदेश भाकपा के सचिव साथी बंट सिंह बराड़ ने आरएसएस प्रमुख को मुख्य अतिथि के रूप में नवाजे जाने के खिलाफ यूनिवर्सिटी के छात्रों द्वारा किए गए शांतिपूर्ण रोष प्रदर्शन का पूर्ण समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि आरएसएस, जो सांप्रदायिक जहर फैलाकर अल्पसंख्यकों के विरुद्ध दंगे भड़काने के लिए जिम्मेदार है और जिसने देश के आजादी आंदोलन के खिलाफ गद्दारी करके अंग्रेजी साम्राज्यवाद के पिट्ठू (एजेंट) की भूमिका निभाई थी, उसके नेताओं को पंजाब यूनिवर्सिटी में मुख्य अतिथि बनाना गुरुओं की विचारधारा का अपमान करने वाली बात है। उन्होंने जोर दिया कि पंजाब की गुरुओं वाली साझा संस्कृति और धर्मनिरपेक्ष दर्शन वाली नीतियों के साथ छेड़छाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती।

श्री बराड़ ने इस घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि आरएसएस को पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को खराब करने का कोई भी मौका न मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित