चंडीगढ़ , दिसंबर 18 -- पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान "युद्ध नशों के विरुद्ध" के तहत गुरुवार को 100 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 268 जगहों पर छापेमारी की और 253 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की तथा 51 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया।

एक सरकारी प्रवक्ता ने यहां जारी बयान में कहा कि इस अभियान के साथ ही पिछले 292 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल ड्रग तस्करों की संख्या बढ़ कर 40,623 हो गई है। छापेमारी के दौरान गिरफ्तार ड्रग तस्करों के पास से 3.9 किलो हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 165 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 8190 रुपये ड्रग मनी बरामद की गई है।

उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार ने मादक पदार्थों के खिलाफ युद्ध की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी का भी गठन किया है। पुलिस ने 'नशा मुक्ति' अभियान के तहत आज 17 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास इलाज करवाने के लिए राजी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित