चंडीगढ़ , मई 11 -- पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने राज्य की आठ नगर निगमों, 76 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों (कुल 105 शहरी निकायों) के आम चुनाव की घोषणा कर दी है।

राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने सोमवार को बताया कि मतदान 26 मई को कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायत क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी है, जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 13 मई से शुरू होगी, जो 16 मई तक चलेगी। नामांकन संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जमा किये जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 18 मई को होगी और 19 मई को अपराह्न तीन बजे तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। नामांकन पत्र के साथ निर्धारित शपथ पत्र देना अनिवार्य होगा। यदि उम्मीदवार किसी राजनीतिक दल द्वारा प्रायोजित है, तो उसे पार्टी का अधिकृत पत्र भी जमा करना होगा। उम्मीदवारों की केवाईसी जानकारी जिला वेबसाइटों पर अपलोड की जाएगी।

मतदान 26 मई को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। मतों की गिनती 29 मई (शुक्रवार) को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। इन चुनावों के लिए कुल 36,72,932 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें पुरुष, 18,98,990, महिलाएं 17,73,716 और अन्य मतदाता 226 हैं। राज्यभर में कुल 3,977 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं।

आयोग द्वारा उम्मीदवारों के लिए चुनाव खर्च सीमा भी तय की गयी है, जिसके अनुसार नगर निगम के लिए चार लाख रुपये नगर परिषद श्रेणी-एक- 3.60 लाख रुपये नगर परिषद श्रेणी-दो -2.30 लाख रुपये,नगर परिषद श्रेणी-तीन - दो लाख रुपये और नगर पंचायत चुनाव में 1.40 लाख रुपये खर्च किये जा सकेंगे।

चुनाव ड्यूटी के लिए करीब 36,000 चुनाव कर्मियों और 35,500 पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक जिले में निगरानी के लिए आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को प्रेक्षक नियुक्त किया जाएगा। जिला मजिस्ट्रेट की निगरानी में सुरक्षा योजना भी तैयार कर ली गयी है।

राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने कहा कि आयोग ने चुनावों को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित