चंडीगढ़ , मार्च 18 -- पंजाब के सात जिलों में बुधवार को बारिश होने का अनुमान जताया गया और गुरुवार से अगले तीन तक मौसम अधिक खराब रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राज्य में दो दिन पहले हुई बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड बढ़ गई थी। हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने से एक ही दिन में अधिकतम तापमान में 4.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई थी, जो अब सामान्य के करीब पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार आज पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर (रोपड़), गुरदासपुर, अमृतसर, नवांशहर और मोहाली जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि चंडीगढ़ में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। जबकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रह सकते हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर पहाड़ों पर सक्रिय हो गया है। इसके अलावा हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित