चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने शुक्रवार को बताया कि राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) मार्च 2026 की परीक्षाओं के लिए ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम लागू करने की तैयारी कर रहा है।
इस पहल की घोषणा करते हुए शिक्षा मंत्री बैंस ने कहा, " यह डिजिटल प्रणाली शिक्षकों को कंप्यूटर पर स्कैन की गयी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने में सक्षम बनाएगी, जिसमें सॉफ्टवेयर द्वारा स्वचालित रूप से अंकों की गणना की जाएगी, जिससे तेज और अधिक सटीक परिणाम सुनिश्चित होंगे। " शिक्षा मंत्री ने बताया कि यह प्रणाली पहले ही अपनी प्रभावशीलता साबित कर चुकी है। उन्होंने कहा, " सितंबर 2025 की पूरक परीक्षाओं के दौरान 23,000 उत्तर पुस्तिकाओं का तेजी से और सटीक मूल्यांकन करके इस प्रणाली ने अपनी क्षमता साबित कर दी है। "इन असाधारण परिणामों से उत्साहित होकर, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा के एक विषय में ऑन-स्क्रीन मार्किंग लागू करेगा और आगामी सत्रों में इसका चरणबद्ध विस्तार किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित