फगवाड़ा , दिसंबर 19 -- पंजाब के पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने राज्य की बिगड़ती कानून- व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि मौजूदा सरकार के शासन में अपराधी बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं।
होशियारपुर जिले के कंधला शेखान गांव में हाल ही में एक मैकेनिक की हत्या का जिक्र करते हुए श्री खन्ना ने कहा कि पिछले सात दिनों में यह चौथी हत्या है, जो चिंताजनक स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के शासन में बनी स्थिति ने राज्य भर में आपराधिक तत्वों को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी और हत्याओं की बढ़ती घटनाएं कानून व्यवस्था के पूरी तरह से ध्वस्त होने का संकेत देती हैं, खासकर तब जब सरकार का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। उनके अनुसार, अपराधी मौजूदा सरकार को अनियंत्रित अवैध गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण के रूपमें देखते हैं।
राज्य प्रशासन के प्रति गहरी असंतोष व्यक्त करते हुए श्री खन्ना ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जन सुरक्षा के प्रति उदासीन प्रतीत होती है और जनता के हितों की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने पुलिस तंत्र की भी आलोचना करते हुए कहा कि वह आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाने या नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करने में असमर्थ रही है।
स्थिति की गंभीरता पर जोर देते हुए श्री खन्ना ने कहा कि शांति, सार्वजनिक व्यवस्था और निवासियों में विश्वास बहाल करने के लिए असाधारण उपायों की आवश्यकता है। उन्होंने तर्क दिया कि राष्ट्रपति शासन लागू करना समय की मांग बन गया है और सुझाव दिया कि आपराधिक गिरोहों पर निर्णायक कार्रवाई करने और पंजाब में कानून व्यवस्था बहाल करने के लिए भारतीय सेना सहित केंद्रीय बलों का समर्थन आवश्यक हो सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित