बठिंडा , मार्च 18 -- पंजाब में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) बठिंडा ने बुधवार को एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो हैंड-ग्रेनेड बरामद किए हैं।
पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान बूटा सिंह उर्फ गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपू (निवासी गिलवाली, फिरोजपुर) और हरमंदर सिंह उर्फ निक्का (निवासी मोथावाली, मोगा) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद ग्रेनेड सीमा पार के तत्वों से जुड़ी एक अवैध सप्लाई-चेन का हिस्सा थे, जिनका उद्देश्य सीमावर्ती राज्य में शांति और सार्वजनिक सुरक्षा को भंग करना था।
उन्होंने कहा कि इस मॉड्यूल में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान करने और उनके संपर्कों (फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज) को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
एआईजी (सीआई) बठिंडा अवनीत कौर सिद्धू ने बताया कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि एक आतंकी मॉड्यूल से जुड़े दो गुर्गों ने हैंड-ग्रेनेड हासिल किए हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए, सीआई बठिंडा ने अभियान चलाया और मोगा-फिरोजपुर रोड से दोनों संदिग्धों को धर दबोचा।
एआईजी ने कहा कि काउंटर इंटेलिजेंस टीमों की इस मुस्तैदी ने एक बड़ी घटना को होने से रोक दिया। इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल फाजिल्का में विस्फोटक अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित