चंडीगढ़ , दिसंबर 17 -- पंजाब में वनों के अंतर्गत क्षेत्र बढ़ाने और स्वच्छ एवं हरा-भरा पर्यावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ग्रीनिंग पंजाब मिशन के अंतर्गत आठ जंगल एवं प्रकृति जागरूकता पार्क विकसित कर रही है जिनमें से चार पार्क पठानकोट में, दो पटियाला में तथा अमृतसर एवं होशियारपुर में एक-एक पार्क शामिल हैं।

कैबिनेट मंत्री लाल चंद ने बुधवार को बताया कि पठानकोट में गांव घरोटा (0.50 हेक्टेयर), कटारूचक्क (0.75 हेक्टेयर), हैबत पिंडी (0.60 हेक्टेयर) एवं आई.टी.आई. बमियाल में ये पर्यावरण पार्क बनाए जा रहे हैं। इसी प्रकार पटियाला में बैरन माइनर सहित दो स्थानों पर पर्यावरण पार्क विकसित किए जा रहे हैं। अमृतसर में गांव जगदेव कलां पुल के पास पर्यावरण पार्क बनाया जा रहा है, जबकि होशियारपुर के बस्सी पुरानी में एक वन चेतना पार्क प्रगति पर है।

हैबत पिंड में पार्क के संबंध में इंटरलॉकिंग टाइलों वाले नेचर ट्रेल का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि खेल उपकरण स्थापित करने एवं ओपन एयर शेल्टर (गाजेबो) का निर्माण चल रहा है। घरोटा में भी इंटरलॉकिंग टाइलों वाले नेचर ट्रेल का कार्य पूरा हो चुका है जबकि खेल उपकरण स्थापित करने एवं ओपन एयर शेल्टर (गाजेबो) की स्थापना वर्तमान में चल रही है। इसी प्रकार गांव कटारूचक्क में भी इंटरलॉकिंग टाइलों वाले नेचर ट्रेल एवं खेल उपकरणों की स्थापना का कार्य बहुत तेजी से जारी है।

इस संबंध में वन एवं वन्य जीव संरक्षण विभाग द्वारा 'द पंजाब प्रोटेक्शन ऑफ ट्रीज एक्ट, 2025' का मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसका उद्देश्य हरियाली को बनाए रखना, पर्यावरण संतुलन सुनिश्चित करना एवं पर्यावरण प्रदूषण को रोकने के साथ-साथ मिट्टी का संरक्षण करना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित