चंडीगढ़ , फरवरी 7 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पर नशे को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर चिट्टे (नशे) के ठिकाने बताना एक सांसद की बेहद ओछी और गैर-जिम्मेदाराना हरकत है। एक जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति को नशा रोकने के बजाय नशा बिकने वाली जगहों को प्रमोट करना शोभा नही देता।

श्री पन्नू ने कहा कि चाहे 10 साल का अकाली-भाजपा राज रहा हो या उसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह और स्वयं चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार, इन सभी ने पंजाब में नशे को फलने-फूलने दिया और इसे रोकने के लिए कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाए।

उन्होने कहा कि पंजाब सरकार 'युद्ध नशियां विरुद्ध' अभियान चला रही है, जिसने नशा तस्करों में खौफ पैदा कर दिया है, तब श्री चन्नी वीडियो डालकर यह बता रहे हैं कि चिट्टा कहाँ उपलब्ध है। यह सीधे तौर पर सरकार की नशा विरोधी मुहिम को कमजोर करने और नशे के सौदागरों की मदद करने की एक सोची-समझी साजिश है।

श्री पन्नू ने कहा कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि का काम पुलिस को जानकारी देकर नशे को रुकवाना होता है, न कि वीडियो के जरिए नशे के ठिकानों का प्रचार करना। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या श्री चन्नी अब नशा बेचने वालों के ब्रांड एंबेसडर के रूप में काम कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित