नयी दिल्ली , मार्च 31 -- आम आदमी पार्टी(आप) ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अकाली दल की सरकार ने ही पंजाब को नशे में डूबोया था लेकिन अब 'आप' की सरकार उन नशा तस्करों की कमर तोड़ रही है।
आप की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आज देश में नशा एक बहुत बड़ी समस्या बनती जा रही है। पंजाब में भी अकाली दल और भाजपा ने नशे को फैलाया था और उस पर उड़ता पंजाब फिल्म भी बनी थी। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उस समय भी भाजपा और अकाली दल की सरकारों और उनके मंत्रियों ने अपने घरों में अंतरराष्ट्रीय तस्करों को पनाह दी। पुलिस को निर्देश होते थे कि वे नशा तस्करों को साथ ले जाएं और घर-घर तक नशा पहुंचाएं।
सुश्री कक्कड़ ने बताया कि आप की सरकार ने पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की है और नशा तस्करों की 50,000 से ज्यादा गिरफ्तारियां की हैं। आज स्थिति यह है कि राज्य के सभी बड़े नशा तस्करों राज्य छोड़कर भागना पड़ा है क्योंकि आप सरकार ने उनका धंधा चौपट कर दिया। नशा तस्करी के आरोप में बड़े-बड़े मंत्रियों को भी पकड़ा गया है।
उन्होंने कहा, " मुझे यह बहुत विचित्र लगा कि हाल ही में एक साक्षात्कार में गृह मंत्री अमित शाह यह दावा कर रहे थे कि वे पंजाब में सारे विभागों को इकट्ठा करके नशा माफिया पर कार्रवाई करेंगे। पंजाब में नशा तो भाजपा ने फैलाया था। अगर नशा माफिया पर प्रहार करना है तो झारखंड, उत्तर प्रदेश और गुजरात में करके दिखाइए। गुजरात में 30 साल से भाजपा की सरकार है और वहां की हालत यह है कि 25 मार्च को गुजरात विधानसभा में सीएजी की रिपोर्ट पेश हुई, तो पता चला कि पुलिस थाने से 2300 किलो नशा गायब हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 144 किलो चोरी हो गया और बाकी नशे को चूहे खा गए।"आप नेता ने कहा कि बाकी राज्यों में भी भाजपा की पुलिस ऐसा ही बयान देती है। मुंबई में हाल ही में 130 किलो गांजा पकड़ा गया और मामला अदालत में पहुंचा तो पुलिस ने कहा कि इसे चूहे खा गए। झारखंड में 200 किलो और मथुरा में 500 किलो गांजा पकड़े जाने पर भी पुलिस ने अदालत में यही कहा कि चूहे खा गए। अब गुजरात में भी 2300 किलो नशे को चूहे खा गए। सबूत गायब होने पर अदालत को उन्हें छोड़ना ही पड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित