चंडीगढ़ , अप्रैल 26 -- पंजाब में सत्तारुढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को भाजपा में शामिल हुए पार्टी के राज्यसभा सदस्यों के विरुद्ध प्रदेश के हर ज़िले में ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन किया एवं इनके घरों की दीवारों पर "गद्दार" लिख कर इसे प्रदेश के जनादेश के साथ धोखा बताया।
आप की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार ज़िला मुख्यालय से लेकर औद्योगिक केंद्रों तक, जिसमें ट्राइडेंट ग्रुप के बाहर राजिंदर गुप्ता के ख़िलाफ़ ज़ोरदार विरोध प्रदर्शन भी शामिल था, आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में आम लोगों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन किए।
प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर अपना गुस्सा ज़ाहिर किया और उन लोगों की खुलकर निंदा की जिन्होंने कथित तौर पर राजनीतिक फ़ायदे के लिए पंजाबियों के भरोसे को कुचला है।
उन्होंने दलबदल को पंजाब की मिट्टी और आत्म-सम्मान के साथ बड़ा धोखा बताते हुए इन सांसदों की राज्यसभा सदस्यता तुरंत रद्द करने की मांग की। पार्टी ने स्पष्ट किया कि जो लोग दबाव और मौकापरस्ती की वजह से भाजपा का पक्ष लिया हैं, उन्हें पंजाब के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे।
पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने दलबदलुओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्यसभा का मतलब संसद में राज्य की आवाज बनना है। इन सदस्यों को पंजाब के मुद्दे उठाने के लिए भेजा गया था, लेकिन अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय वे भाजपा के साथ जा मिले। यह शर्मनाक काम तीन करोड़ पंजाबियों के साथ धोखा है।
मंत्री लाल चंद कटारूचक , कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल , विधायक बलकार सिंह सिद्दू , मनिंदर सिंह ग्यासपुरा ने भी इस कदम की आलोचना करते हुए कहा कि यह सांसद आप विधायकों के सहयोग से पंजाब के हितों को प्रतिनिधित्व करने के लिए चुने गए थे। पंजाब की आवाज उठाने के बजाय उन्होंने राज्य और पार्टी की पीठ में छुरा घोंपा है। विपक्षी सरकारों को अस्थिर करने के भाजपा के ऐसे हथकंडे सबके सामने हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित