चंडीगढ़ , मई 01 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि पंजाब की राजनीति आज ऐसे दौर से गुजर रही है जहां सत्ता, स्थिरता और जनहित के बीच टकराव बढ़ रहा है। उन्होंने पंजाब में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ने की बात कहते हुए डबल इंजन सरकार की जरूरत बतायी।
गोबिंदगढ़ में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सैनी ने कहा कि पंजाब को ऐसे नेतृत्व की जरूरत है, जो फैसले लेने से न डरे, जनता के हित को सर्वोपरि रखे और देशहित में काम करे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही यह संभव है। पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प की तर्ज पर विकसित पंजाब बनाया जाएगा।
श्री सैनी ने मंडी गोबिंदगढ़ को स्टील टाउन बताया और कहा कि यह शहर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देता है, लेकिन आज महंगी बिजली और नीतिगत अस्थिरता से यहां का उद्योग संकट में है। छोटे-मध्यम उद्योग बंद होने की कगार पर हैं और हजारों मजदूरों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि फैक्ट्री बंद होने से सिर्फ मशीनें नहीं रुकतीं, घरों के चूल्हे भी ठंडे पड़ जाते हैं।
हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा ने डेढ़ साल में संकल्प पत्र के 217 में से60 वादे पूरे कर दिये हैं और 157 पर काम चल रहा है। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 10 लाख महिलाओं को 1038 करोड़ रुपये दिये जा चुके हैं। गरीब महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर, 24 फसलों की MSP पर खरीद और 50 लाख बुजुर्गों को 3200 रुपये मासिक पेंशन दी जा रही है।
श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में बिना पर्ची-खर्ची के दो लाख युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरी दी गयी है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से श्वेत पत्र जारी कर बताने को कहा कि उनके कार्यकाल में कितने युवाओं को सरकारी नौकरी मिली।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब से नशा खत्म करने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री आज विधानसभा में भाषण के दौरान नशे में दिखे। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य सतनाम सिंह संधू, आयोजक कंवरवीर सिंह टोहरा, पूर्व मंत्री असीम गोयल, पंजाब भाजपा उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, भाजपा जिला प्रधान दीदार सिंह भट्टी और राकेश गुप्ता समेत कई नेता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित