चंडीगढ़ , फरवरी 02 -- पंजाब आम आदमी पार्टी के महासचिव एवं पंजाब मंडी बोर्ड के अध्यक्ष हरचंद सिंह बरसट ने सोमवार को केंद्रीय बजट को निराशाजनक करार देते हुए कहा कि इस बजट में राज्य को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है।
श्री बरसट ने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब को किसी भी प्रकार का विशेष पैकेज न देकर एक बार फिर राज्य के साथ सौतेला व्यवहार किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का अनाज भंडार भरता है और हर मुश्किल समय में देश के लिए अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। पंजाब के किसान देश को अनाज मुहैया कराते हैं और पंजाब के नौजवान सीमाओं पर देश की रक्षा करते हैं। पंजाब ने हमेशा कठिन समय में आगे बढ़कर योगदान दिया है। इसके बावजूद केंद्रीय बजट में पंजाब, किसानों, युवाओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 के दौरान आयी भीषण बाढ़ के कारण पंजाब के किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा। इसके बावजूद किसानों की इस पीड़ादायक स्थिति को बजट में पूरी तरह अनदेखा कर दिया गया। बजट में न तो किसानों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कोई गारंटी है और न ही युवाओं के लिए रोजगार का कोई भरोसा। सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब पहले ही कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रहा है। इसके बावजूद पंजाब के लिए किसी भी प्रकार का विशेष पैकेज न देना केंद्र की पंजाब विरोधी सोच को दर्शाता है।
उन्होंने पंजाब भाजपा नेताओं पर भी तीखा हमला करते हुए कहा कि वे केंद्र के सामने पंजाब के अधिकारों की बात नहीं रखते हैं, जबकि पंजाबी होने के नाते उन्हें पंजाब के पक्ष में आवाज उठानी चाहिए। भाजपा नेता राज्य के अधिकारों के लिए आवाज उठाने की बजाय केवल राजनीति करने में लगे हुए हैं। उन्होने केंद्रीय बजट को सिरे से नकारते हुए केंद्र की मोदी सरकार से अपील की कि पंजाब के साथ हो रहे भेदभाव को तुरंत बंद किया जाये और राज्य को उसके बनते अधिकार दिये जायें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित