चंडीगढ़ , जनवरी 23 -- पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम के अचानक बदलने से बीती रात से शुक्रवार सुबह तक तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश ने ठंड को और बढ़ा दिया। कई इलाकों में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।

जालंधर में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में तेज हवाएं चलती रहीं। ओलावृष्टि से फसलों को भी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

हिमाचल प्रदेश में भी बर्फबारी हो रही है पहाड़ी इलाकों में बर्फ जमने से सड़कें सफेद चादर में तब्दील हो गईं, वहीं खड़ी गाड़ियां भी बर्फ से ढक गईं। बर्फबारी के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड और अधिक बढ़ गई है तथा कुछ स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।

पंजाब के लुधियाना, अमृतसर सहित कई जिलों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान होशियारपुर में 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में भी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

मौसम विभाग के अनुसार आज पूरे दिन मौसम खराब बना रहेगा। रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और बारिश की संभावना 78 प्रतिशत तक जताई गई है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते जालंधर, अमृतसर और लुधियाना सहित आसपास के जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित