चंडीगढ़ , फरवरी 26 -- पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने सोलहवीं पंजाब विधानसभा का बारहवां (बजट) सत्र छह मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे बुलाया है।
एक अधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि यह सत्र पंजाब विधानसभा हॉल, विधान भवन, चंडीगढ़ में आयोजित होगा।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में 23 फरवरी को हुई कैबिनेट की बैठक में बजट सत्र को आहूत करने को मंज़ूरी दी थी। राज्य सरकार द्वारा जारी वित्तीय वर्ष 2026 और 2027 के लिए बजट सत्र की आधिकारिक घोषणा के अनुसार, यह छह मार्च, 2026 को शुरू होगा और 16 मार्च, 2026 तक चलेगा। सरकार आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर बजट पेश करेगी। इस दौरान, सदन राज्य से जुड़े खास वित्तीय प्रस्तावों और नीति संबंधी मामलों पर विचार-विमर्श करेगा।
पंजाब सरकार इस बार रविवार को बजट पेश करेगी। बजट सत्र में पहले दिन की कार्यवाही श्रद्धांजलि और राज्यपाल के भाषण से शुरू होगी। सात मार्चको अवकाश रहेगा और आठ मार्च (रविवार) को बजट पेश किया जाएगा। पंजाब विधानसभा के इतिहास में यह पहली बार होगा जब बजट सत्र रविवार को हो रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार इस दिन महिलाओं को 1,000 रुपये देने का ऐलान कर सकती है, इसलिए यह तारीख चुनी गयी है। बजट परदो दिन चर्चा होगी विधानसभा से मिली जानकारी के मुताबिक, नौ मार्च को राज्यपाल के भाषण पर चर्चा होगी और धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया जाएगा। बजट पर 10 और 11 मार्च को दो दिन चर्चा होगी। इस दौरान सभी पार्टियों के विधायकों को उनकी संख्या के हिसाब से बोलने का समय दिया जाएगा। बारह मार्च को गैर सरकारी काम होंगे। तेरह मार्च से 15 मार्च तक सेशन के बीच ब्रेक रहेगा। इस दौरान मोहाली में 'इन्वेस्ट पंजाब' प्रोग्राम होगा, जिसमें देश-विदेश के इन्वेस्टर पंजाब में इन्वेस्टमेंट के मौके तलाशने आएंगे। 16 मार्च को सदन अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित