जालंधर , दिसंबर 22 -- पंजाबी सूफी गायक हंस राज हंस के गुरु और गायक मास्टर सलीम के पिता पंजाबी सूफी गायक पूरन शाह कोटी का सोमवारको जालंधर में कुछ समय की बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 72 साल के थे। शाह कोटी गायक मास्टर सलीम के पिता थे। गायक हंस राज हंस औरसबर कोटी उनके शिष्य थे।

शहकोटी के निधन की खबर से पूरे पंजाब और दुनिया भर के संगीत प्रेमियों में दुख की लहर दौड़ गयी है। न केवल अपनी भावपूर्ण गायकी के लिए, बल्कि कलाकारों की कई पीढ़ियों के गुरु के रूप में भी जाने जाने वाले पूरन शाह कोटी जी संगीत का एक जीता-जागता स्कूल थे। उन्होंने हंस राज हंस, जसबीर जस्सी और उनके पुत्र, मास्टर सलीम, जो पंजाबी संगीत की जानी-मानी आवाजों में से एक हैं, सहित कई प्रमुख गायकों के करियर को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। पंजाबी संस्कृति और सूफी परंपराओं के प्रति उनके समर्पण ने उद्योग पर एक अमिट छाप छोड़ी है।

अपनी गायकी में आध्यात्मिकता और सादगी के लिए जाने जाने वाले पूरन शाह कोटी ने अपना पूरा जीवन पंजाबी लोक और सूफी संगीत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने में समर्पित कर दिया, जिससे उन्हें दुनिया भर में सम्मान और प्रशंसा मिली।

पंजाबी फिल्म और संगीत उद्योग की प्रमुख हस्तियों ने उनके निधन पर गहरा दुख और संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया के माध्यम से, कई कलाकारों ने मास्टर सलीम और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की, और उनके निधन को पंजाबी संगीत और संस्कृति के लिए 'असहनीय क्षति' बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित