मोहाली , अक्टूबर 08 -- सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए मशहूर पंजाबी गायक राजवीर जवंदा का बुधवार को निधन हो गया।

श्री जवंदा का पंजाब में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में पूर्वाह्न करीब 11 बजे निधन हुआ। अस्पताल प्रशासनने उनके निधन की पुष्टि की है।

श्री जवंदा करीब 12 दिन पहले हिमाचल प्रदेश में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये थे। वह अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी अचानक सड़क पर एक जानवर आ गया, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आयीं थी। उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, पिछले बारह दिनों से वह गहन चिकित्सा इकाई में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे।

सुबह डॉक्टरों ने उनकी हालत को नाजुक बताया और पूर्वाह्न लगभग 10:55 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरे पंजाब में शोक की लहर दौड़ गयी। सोशल मीडिया पर प्रशंसक, साथी कलाकार और संगीत प्रेमी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

श्री जवंदा पंजाब के सबसे लोकप्रिय गायकों में से एक थे। वह बहुत विनम्र स्वभाग के थे और वह समाजसेवा के कार्यों में गहरी रुचि लेते थे। उनका पार्थिव शरीर आज उनके मोहाली स्थित सेक्टर-71 के आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जायेगा, ताकि उनके प्रशंसक और साथी कलाकार उन्हें अंतिम विदाई दे सकें।

उनका अंतिम संस्कार कल लुधियाना जिले के उनके पैतृक पोना गांव में किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित