बारां , अप्रैल 24 -- राजस्थान में पंचायत राज दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बारां जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन किया और लंबित पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव जल्द कराने की मांग उठाई।

राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह मीणा ने किया। सुबह कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुए, जहां सभा के बाद रैली निकाली गई। रैली के दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करके लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई। इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि राज्य में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव एक वर्ष से अधिक समय से लंबित हैं, जो संविधान के अनुच्छेद 243ई और 243यू का उल्लंघन है। साथ ही न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए चुनाव शीघ्र कराने की मांग की गई।

प्रदेश सचिव एवं बारां प्रभारी संध्या मेघवाल ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव टालना लोकतांत्रिक प्रक्रिया के खिलाफ है। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित