जमुई, अप्रैल 28 -- जमुई जिले के सिकंदरा नगर पंचायत में निगरानी विभाग की टीम ने कार्यपालक पदाधिकारी संतोष कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।

इस दौरान स्वच्छता साथी सोनू कुमार को भी टीम ने हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 03 के पार्षद राजेश कुमार मिश्रा से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 65 लाभुकों को आवास स्वीकृति दिलाने के नाम पर प्रति लाभुक ढाई हजार रुपये की मांग की जा रही थी। इस आधार पर कुल मिलाकर 1 लाख 62 हजार 500 रुपये रिश्वत तय हुई थी।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत पार्षद मंगलवार को 50 हजार रुपये देने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे। कार्यपालक पदाधिकारी के कहने पर जैसे ही स्वच्छता साथी सोनू कुमार पैसे लेकर उनके कक्ष में पहुंचा, निगरानी टीम ने छापेमारी कर दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया।

गिरफ्तारी के बाद टीम दोनों आरोपियों को सिकंदरा थाना लेकर गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। इसके बाद निगरानी विभाग की टीम कार्यपालक पदाधिकारी को साथ लेकर नगर पंचायत कार्यालय पहुंची, जहां पूरे कार्यालय की गहन जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित