चित्तौड़गढ़ , अप्रैल 24 -- राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के मौके पर चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस के राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के तत्वाधान में शुक्रवार को राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष आजाद पालीवाल ने कहा कि राजस्थान में पंचायत राज और नगर निकायों के चुनाव पिछले एक वर्ष से अधिक लंबित है जिससे स्थानीय स्वशासन की लोकतांत्रिक व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हुई है और ये संविधान द्वारा प्रदत्त लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। राज्य सरकार जानबूझकर चुनाव नहीं करवाना चाहती है। न्यायालय द्वारा निर्देशित करने के उपरांत सरकार हठधर्मिता कर रही है।
उन्होंने कहा कि 73, 74 संविधान संशोधन के अनुसार छह महीने से ज्यादा सरकार स्थानीय चुनाव पर रोक नहीं लगा सकती है।
राजीव गांधी पंचायती संगठन के ग्रामीण जिलाध्यक्ष गिरधारी लाल जाट ने कहा कि पंचायती राज के चुनाव नहीं कराने से ग्राम पंचायतों में विकास के कार्य प्रभावित हो रहे और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर जिलाध्यक्ष और पार्षद प्रतिनिधि राजेश सोनी ने बताया कि नगरीय निकाय के चुनाव नहीं करवाकर सरकार शहरों के विकास को बाधित कर रही है। वर्तमान में नगर परिषद के महत्वपूर्ण कार्य लंबित हैं, जिससे जनता का नुकसान हो रहा है। रोजमर्रा के कार्यों के लिए जनता भटकने के लिए मजबूर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित