चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) ने बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। निगम द्वारा जारी सूचना के अनुसार मार्च में पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों के उपभोक्ताओं के लिए विशेष उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की बैठकों का आयोजन किया जाएगा।

यह बैठकें दो, नौ, 16 और 24 मार्च को पंचकूला स्थित जोनल कार्यालय में आयोजित होंगी।

बिजली निगम के प्रवक्ता ने बताया कि पंचकूला जोन के तहत आने वाले कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर जिलों के उपभोक्ता अपनी लंबित शिकायतों को लेकर इस मंच के समक्ष उपस्थित हो सकते हैं। निगम का मुख्य उद्देश्य 'पूर्ण उपभोक्ता संतुष्टि' के लक्ष्य को प्राप्त करना और उपभोक्ताओं को विश्वसनीय व निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

यह मंच विशेष रूप से उन वित्तीय विवादों की सुनवाई करेगा जिनकी राशि एक लाख रुपये से अधिक और तीन लाख रुपये तक की होगी। उपभोक्ता गलत बिजली बिल, बिजली दरों (टैरिफ) से संबंधित विसंगतियां, मीटर सिक्योरिटी, खराब मीटरों को बदलने में देरी और वोल्टेज से जुड़ी समस्याओं का समाधान पा सकेंगे।

प्रवक्ता ने हालांकि स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी, बिजली के दुरुपयोग और घातक या गैर-घातक दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों पर इस फोरम में विचार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, यदि कोई मामला पहले से किसी अदालत या उच्च प्राधिकरण में लंबित है, तो उस पर भी सुनवाई नहीं होगी।

वित्तीय विवादों के निपटान के लिए शिकायतकर्ता को एक निश्चित राशि अग्रिम जमा करानी होगी। यह राशि पिछले छह महीनों के दौरान भुगतान किए गए औसत बिजली शुल्क या दावा की गई राशि में से जो भी कम हो, उसके बराबर होगी। उपभोक्ता को यह भी प्रमाणित करना होगा कि उसका मामला किसी अन्य न्यायिक मंच पर विचाराधीन नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित