चंडीगढ़ , मार्च 26 -- हरियाणा में एचआईवी जांच सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पंचकुला के सिविल अस्पताल में नई एचआईवी वायरल लोड परीक्षण प्रयोगशाला स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। यह राज्य की दूसरी ऐसी विशेष लैब होगी, जबकि पहली सुविधा रोहतक में पहले से कार्यरत है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के अनुसार, इस लैब को प्रति वर्ष करीब 15,000 परीक्षणों के अनुमानित कार्यभार के आधार पर स्वीकृति दी गई है। परियोजना की वार्षिक लागत लगभग 1.65 करोड़ रुपये होगी, जिसे नेशनल एड्स कण्ट्रोल आर्गेनाईजेशन (नाको) द्वारा पूर्ण रूप से वित्तपोषित किया जाएगा।
नई लैब की स्थापना कम लागत में करने के लिए सिविल अस्पताल पंचकुला में पहले से मौजूद कोविड-19 आणविक परीक्षण ढांचे का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही एचआईवी वायरल लोड जांच के लिए आवश्यक विशेष उपकरण भी खरीदे जाएंगे, जिससे सुविधा को जल्दी शुरू किया जा सकेगा।
यह परियोजना हरियाणा स्टेट एड्स कण्ट्रोल सोसाइटी के सुझावों पर तैयार की गई है, जबकि इसका तकनीकी मूल्यांकन नेशनल एड्स कण्ट्रोल आर्गेनाईजेशन द्वारा किया गया। राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के तहत एचआईवी वायरल लोड परीक्षण की कीमत 1,100 रुपये निर्धारित की गई है।
नई लैब शुरू होने से पंचकुला सहित आसपास के जिलों में एचआईवी मरीजों को समय पर और सटीक जांच सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे उपचार और निगरानी प्रणाली को और मजबूती मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित