कानपुर , जनवरी 22 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नये प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार दोपहर कानपुर आ रहे हैं। उनके भव्य स्वागत के लिये स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
श्री चौधरी दोपहर करीब 12 बजे जाजमऊ पहुंचेंगे और वहां से कानपुर विश्वविद्यालय तक करीब 12 किमी का रोड शो करेंगे। वह खुली जीप पर सवार होकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता का अभिवादन स्वीकार करेंगे। इस बीच कई स्थानो उन पर पुष्प वर्षा की जायेगी। रोड शो का रास्ता भाजपा के झंडे और विभिन्न नेताओं के पोस्टर से पटा पड़ा है। इनमे से कुछ नेता ऐसे भी हैं जो लगभग पूरे साल कभी जन्मदिन तो कभी त्याहोरों के बधाई संदेश लिखे पोस्टरों के जरिये ही जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहते हैं वहीं अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नये प्रदेश अध्यक्ष को अपनी झलक दिखाने का लालयित कई पोस्टर जीवी नेताओं ने रोड शो के लगभग हर दस मीटर के फासले पर अपना पोस्टर लगा रखा है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वागत कार्यक्रम के पश्चात कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करेंगे और पंचायत चुनाव और विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिये कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करेंगे। इसके बाद वह एक प्रेस कांफ्रेंस को भी संबोधित करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत मार्ग पर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किये गये हैं। इसके लिये पदाधिकारियों ने स्वागत मार्ग और बैठक स्थल पर बुधवार को मॉक ड्रिल कर सुरक्षा इंतजाम को अंतिम रुप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित