रायपुर, जनवरी 30 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधों की रोकथाम, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा न्यायालय परिसर में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशानुसार न्यायालय परिसर में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) के निर्देशन में एण्टी क्राईम एवं साइबर यूनिट की 20 सदस्यीय विशेष टीम द्वारा किया गया। चेकिंग के दौरान न्यायालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
आकस्मिक चेकिंग के दौरान 3 व्यक्तियों के कब्जे से आपत्तिजनक वस्तुएँ बरामद की गईं, जिनके विरुद्ध थाना सिविल लाइन में प्रतिबंधात्मक धाराओं के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान एवं पृष्ठभूमि की गहन जांच की गई। जांच उपरांत उन्हें कड़ी समझाइश देते हुए भविष्य में किसी भी अवैधानिक गतिविधि में संलिप्त न होने की चेतावनी देकर छोड़ा गया।
इस दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए इस प्रकार की आकस्मिक चेकिंग एवं निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित