रुद्रप्रयाग , फरवरी 17 -- उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग के जिला एवं सत्र न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक अज्ञात स्रोत से परिसर में विस्फोटक रखे होने की धमकी भरी सूचना प्राप्त होने से पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग , सुश्री नीहारिका तोमर ने स्वयं नेतृत्व संभालते हुए पुलिस एवं अभिसूचना सहित अन्य इकाइयों के साथ मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए एहतियात के तौर पर तत्काल पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया गया तथा मुख्य द्वार पर ही आवाजाही को रोका गया।
इस दौरान बम निरोधक दस्ते द्वारा पूरे न्यायालय परिसर का गहन तकनीकी निरीक्षण और तलाशी अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी न्यायालय परिसरों में पुलिस और इंटेलिजेंस की टीमें मुस्तैद हैं। प्रवेश द्वारों पर प्रभावी जांच और तलाशी ली गयी।
उन्होंने बताया कि सघन जांच के उपरान्त कोई भी विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
सुश्री नीहारिका तोमर ने बताया कि उक्त धमकी भरे मेल की गहनता से जांच की जा रही है और इसे भेजने वाले अज्ञात आरोपी के विरुद्ध कोतवाली रुद्रप्रयाग में सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है, तथा ऐसे धमकी भरे ई-मेल भेजकर माहौल खराब करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित