जयपुर , नवम्बर 02 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि न्यायपालिका लोकतंत्र का वह मजबूत स्तम्भ है जो समाज में न्याय और समानता की अलख जगाता है।

श्री शर्मा रविवार को मुख्यमंत्री निवास पर वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जोधपुर में आयोजित बार कौंसिल ऑफ़ राजस्थान के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सशक्त न्याय व्यवस्था से ही नागरिकों में सुरक्षा का भाव आता है। देश में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों ने न्याय की परिभाषा को बदलने का काम किया है। राज्य में भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम को जमीनी स्तर पर लागू किया जा रहा है। जिससे न्याय प्रक्रिया में तेजी आई है और आने वाले समय में देश में अग्रणी राज्य होगा।

श्री शर्मा ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि बार कौंसिल ऑफ़ राजस्थान के लिए नवनिर्मित भवन लोकतंत्र को और भी मजबूत करने का काम करेगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह भवन वर्तमान की जरूरतों को पूरा करने के साथ ही, भविष्य की पीढ़ियों को भी मार्गदर्शन देगा।

उन्होंने कहा कि न्यायपालिका किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होती है। हर व्यक्ति न्याय की आस लेकर न्यायालय आता है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सुलभ न्याय मिलने से ही विकास की यात्रा पूरा हो सकेगी। न्यायपूर्णता के साथ ही, विकास सार्थक होता है। श्री शर्मा ने कहा कि बार कौंसिल आमजन की न्याय की आकांक्षाओं को पूरी करने का एक माध्यम है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार आवश्यकता अनुसार जिला स्तर पर नई अदालतों का सृजन कर रही है। साथ ही नए जजों की नियुक्ति भी तीव्र गति से की जा रही है। जनता के हित के कार्य हमारी प्राथमिकता है। अधिवक्ता कल्याण एवं बार कौंसिल के सुदृढ़ीकरण में सहयोग के लिए हमारी सरकार पूरी तरह से तैयार है।

श्री शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता समाज के शिल्पकार होने के साथ ही न्याय व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी तर्कशक्ति, आपका ज्ञान और आपकी प्रतिबद्धता ही न्याय का आधार है। अधिवक्ता लोगों के भरोसे की जीत की प्रतिमूर्ति हैं। लोगों का यह विश्वास और आस्था ही हमारी न्याय व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है और जनता के इस विश्वास को मजबूत करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

जोधपुर में आयोजित मुख्य समारोह में उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूत संदीप मेहता, न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई, राजस्थान उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा, न्यायाधीश डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह भाटी, महाधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल भरत व्यास, बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष भुवनेश शर्मा, उपस्थित रहे। वहीं, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा वीसी के माध्यम से जुड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित