नयी दिल्ली , जनवरी 19 -- नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने सोमवार को यहां राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के गणतंत्र दिवस शिविर का दौरा किया। शिविर में पहुंचने पर सेना, नौसेना और वायु सेना विंग के एनसीसी कैडेटों ने उनके सम्मान में गार्ड ऑफ ऑनर दिया ।
एडमिरल त्रिपाठी ने एनसीसी कैडेट के रूप में अपने दिनों को याद किया और प्रतिष्ठित गणतंत्र दिवस शिविर के लिए चयनित होने पर कैडेटों को बधाई दी। उन्होंने परेड की उत्कृष्ट प्रस्तुति, सटीक ड्रिल, बैंड प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की तथा नौसेना की भाषा में इसे "ब्रावो ज़ुलु" कहा।
युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों को बढाने में एनसीसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए नौसेना प्रमुख ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नागरिक सुरक्षा प्रयासों में लगभग 72,000 एनसीसी कैडेटों के अनुकरणीय योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने ड्रोन संचालन और साइबर जागरूकता से जुड़ी पहलों सहित एनसीसी द्वारा अपनाए गए नए और नवोन्मेषी प्रशिक्षण उपायों की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन "भारत के युवा वैश्विक भलाई की एक शक्ति हैं" का उल्लेख करते हुए नौसेना प्रमुख ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपना विश्वास व्यक्त किया। अपने सेवा अनुभव के आधार पर उन्होंने कैडेटों के साथ जीवन के पाँच महत्वपूर्ण पाठ साझा किए, ताकि वे जीवन में अपनी पूर्ण क्षमता को प्राप्त कर सकें। इनमें ध्यान भटकाने वाली चीज़ों से दूर रहना और आत्म-अनुशासन का अभ्यास करना।
तेजी से बदलती दुनिया में प्रासंगिक बने रहने के लिए निरंतर सीखना और कौशल उन्नयन करना।
चुनौतियों का सामना करते समय शारीरिक और नैतिक साहस दिखाना तथा लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल और कैप्टन महेंद्र नाथ मुल्ला जैसे नायकों से प्रेरणा लेना।
टीम भावना विकसित करना - 'एक सबके लिए, सब एक के लिए' और कभी हार न मानना शामिल है।
उन्होंने पुणीत सागर अभियान, ऑल इंडिया नौसैनिक कैंप जैसे विशेष प्रशिक्षण शिविरों, सीमैनशिप, सेलिंग और यॉटिंग का व्यावहारिक अनुभव, जहाजों के साथ संलग्नता, विदेशी तैनाती तथा भारतीय नौसेना के जहाजों, पनडुब्बियों और तटीय प्रतिष्ठानों के शैक्षिक दौरों जैसी पहलों के माध्यम से एनसीसी कैडेटों के प्रशिक्षण में भारतीय नौसेना के निरंतर सहयोग की प्रतिबद्धता को दोहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित