जयपुर , जनवरी 30 -- राजस्थान जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि नौनेरा बांध के किनारों पर प्रभावित गांवों में घरों की सुरक्षा के लिए प्रस्ताव प्राप्त होने पर राज्य सरकार मदद करेगी।
श्री रावत प्रश्नकाल में विधायक चेतन पटेल के पूरक प्रश्नों का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि नोनेरा डैम डूब क्षेत्र के अलावा ऐसे क्षेत्र जहां गांव किनारे पर हैं, वहां का निरीक्षण करवाकर मकानों की मजबूती, सीलन और अन्य बिन्दुओं का निस्तारण करवाया जायेगा।
इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि नौनेरा डैम की भराव क्षमता के अनुसार किनारे पर आ रहे मकानों के बचाव एवं लोगों की सुरक्षा के लिए ग्राम बडौद में सेफ्टीवाल का निर्माण किया गया है। मेसर्स चम्बल कंस्ट्रक्शन कोटा को कार्यादेश जारी कर करीब एक करोड़ 63 लाख रुपये भुगतान कर यह कार्य पूरा किया गया है।
उन्होंने बताया कि बड़ौद गांव के घरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सेफ्टीवाल के साथ प्राकृतिक नाले के डायवर्जन चैनल का निर्माण कार्य भी किया गया है। प्राकृतिक नाले के नीचे निर्माण के दौरान तेज वर्षा के कारण नाले के अर्थ वर्क में डाली गई फिलिंग मिट्टी में कुछ जगह रेन कट पड़ गये थे, तथा सेफ्टीवॉल में दो जगह जॉइंट खुल गये थे, जिन्हें संवेदक द्वारा स्वयं के व्यय पर सही करवा दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित