पन्ना , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने शासकीय नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को भोपाल से गिरफ्तार किया है।

थाना कोतवाली पन्ना से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी रामचन्द्र निवासी पन्ना ने शिकायत दर्ज कराई थी कि भोपाल निवासी गिरीश पाल ने शासकीय नौकरी दिलाने का झूठा आश्वासन देकर उसे विश्वास में लिया और अलग-अलग तिथियों में ऑनलाइन तथा नगद माध्यम से कुल छह लाख रुपये प्राप्त कर लिए। रिपोर्ट के आधार पर कोतवाली थाना पन्ना में अपराध क्रमांक 18/2026 धारा 318 (4) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देशन में गठित पुलिस दल ने साक्षियों के कथनों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरीश पाल (45) निवासी जे/52 हर्षवर्धन नगर, थाना टीटी नगर, जिला भोपाल को भोपाल से गिरफ्तार कर पन्ना लाया। 23 फरवरी को पूछताछ के उपरांत उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फरियादी को शासकीय नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा देकर अलग-अलग तिथियों में फोनपे के माध्यम से लगभग पांच लाख 80 हजार रुपये तथा 20 हजार रुपये नगद प्राप्त किए थे। आरोपी के अनुसार प्राप्त राशि में से एक लाख 10 हजार रुपये वापस कर दिए गए, जबकि शेष चार लाख 90 हजार रुपये पत्नी के इलाज में खर्च कर दिए।

आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। उसके कब्जे से लगभग पांच हजार रुपये कीमत का सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसका उपयोग ठगी में किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित