हनुमानगढ़ , मार्च 14 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर न्याय क्षेत्र में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हनुमानगढ़ के निर्देशानुसार कुल 333 लंबित मामलों का निस्तारण करके कुल चार करोड़ 30 लाख 24 हजार 227 रुपये की राशि के अवार्ड पारित किये गये। तालुका विधिक सेवा समिति नोहर की अध्यक्ष कुमकुम (एडीजे नंबर-01) की अध्यक्षता में न्यायालय परिसर, नोहर में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए दो अलग-अलग पीठों का गठन किया गया। पहली पीठ की अध्यक्षता कुमकुम ने की, जबकि दूसरी पीठ की अध्यक्षता डिम्पल कुमार सीजे एवं जेएम, नोहर ने की।

कुमकुम की अध्यक्षता वाली पीठ ने न्यायालय एडीजे सं.-01 के 52 मामले, न्यायालय एडीजे सं.-02 के 25, न्यायालय एसीजेएम के 577, न्यायालय एमजेएमके 74 और बैंकों से संबंधित प्री-लिटिगेशन के 125 सहित कुल 333 मामलों का लोक अदालत की भावना से निस्तारण किया। इन सभी मामलों में कुल चार करोड़ 30 लाख 24 हजार 227 रुपये की राशि के अवार्ड पारित किये गये। इस अवसर पर बार एसोसिएशन, नोहर के अध्यक्ष, सचिव एवं अन्य अधिवक्ता, न्यायालय के सभी कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित