हनुमानगढ़ , फरवरी 10 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के नोहर उपखंड क्षेत्र में अज्ञात हिंसक जानवर के अचानक किए गए हमले ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना में एक बुजुर्ग ग्रामीण बुरी तरह जख्मी हो गया, जबकि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लगातार इस जानवर की पहचान और उसके ठिकाने की तलाश जुटे हैं। प्रारंभिक जांच से संकेत मिल रहे हैं कि यह जानवर एक जरख हो सकता है, जो हमले के बाद से क्षेत्र में दोबारा नजर नहीं आया है। वन विभाग ने स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने और समूह में यात्रा करने की सख्त हिदायत जारी की है।
सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि नोहर उपखंड के गांव बिरकाली में मांगीलाल रिणवा (65) सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे निकटवर्ती गांव से लौट रहा था। वह नहर के किनारे से गुजर रहा था, तभी अचानक एक भूरे रंग के अज्ञात जानवर ने उस पर हमला बोल दिया। जानवर के आकस्मिक हमले से मांगीलाल बुरी तरह घायल हो गया । उसके शरीर पर गहरे जख्म और खरोंचें आईं। मांगीलाल ने बताया कि उन्होंने शोर मचाकर और खुद को बचाने के लिए संघर्ष किया, जिससे जानवर उन्हें छोड़कर भाग गया। इस दौरान आसपास के लोग शोर सुनकर इकट्ठा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा। नोहर के क्षेत्रीय वन अधिकारी नरेंद्रसिंह भाटी ने बताया कि जांच के दौरान घटनास्थल पर जानवर के पंजों के निशान पाए गए हैं। इसके नमूनों को विशेषज्ञों के पास भेजा गया है ताकि जानवर की सटीक पहचान हो सके। हालांकि पगमार्क के आधार पर यह एक जरख लग रहा है, जो इस क्षेत्र में कभी-कभी देखा जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित