नोएडा , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 63 क्षेत्र में स्थित एक बहुमंजिला बिल्डिंग में बुधवार अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग सिलेंडर ब्लास्ट होने के कारण भड़की, जिसके बाद देखते ही देखते लपटों ने इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। और आग तेज़ लपटों के साथ काले धुएं का अंबार आसमान में उठने लगा।

आग पर काबू पाने के बाद अग्निशमन अधिकारी द्वारा बुधवार को मौके से जानकारी देते हुए बताया गया कि, आग के घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात की गंभीरता को देखते हुए कई फायर ब्रिगेड गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की वजह से बिल्डिंग में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की तेज आवाज के बाद बिल्डिंग से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। घटना के समय इमारत में कई लोग मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कुछ लोग धुएं के कारण अंदर ही फंस गए थे।

फिलहाल पुलिस और फायर विभाग की टीम आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित