नोएडा/लखनऊ , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा में श्रमिकों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद अंतरिम मजदूरी दरों में वृद्धि करते हुए नई दरें एक अप्रैल 2026 से लागू कर दी हैं।
सरकारी आदेश के अनुसार मजदूरी दरों को तीन श्रेणियों गौतमबुद्ध नगर (नोएडा)-गाजियाबाद, नगर निगम क्षेत्र तथा अन्य जिलों में विभाजित किया गया है। गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी 11,313 रुपये से बढ़ाकर 13,690 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों की 12,445 रुपये से बढ़ाकर 15,059 रुपये तथा कुशल श्रमिकों की 13,940 रुपये से बढ़ाकर 16,868 रुपये कर दी गई है।
नगर निगम वाले अन्य शहरों में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी 11,313 रुपये से बढ़ाकर 13,006 रुपये, अर्द्धकुशल श्रमिकों की 12,445 रुपये से बढ़ाकर 14,306 रुपये तथा कुशल श्रमिकों की 13,940 रुपये से बढ़ाकर 16,025 रुपये निर्धारित की गई है।
सरकार ने सोशल मीडिया पर न्यूनतम मजदूरी 20 हजार रुपये प्रतिमाह तय किए जाने के दावों को भ्रामक और निराधार बताया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा गठित उच्चस्तरीय समिति की बैठक के बाद सोमवार देर रात लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित