ग्रेटर नोएडा , अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश में गौतबुधनगर जिला के ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के पास उच्च न्यायालय के अतिथि गृह के निर्माण की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इस योजना के तहत इलाहाबाद हाई कोर्ट के गेस्ट हाउस के लिए संयुक्त औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने सेक्टर नौ में भूखंड चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

विभागीय अधिकारी ने बुधवार को बताया कि कि योजना के तहत लोकेशन का चयन विशेष रूप से हवाई अड्डा से सम्पर्क को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, ताकि अतिथि न्यायाधीश और अन्य अधिकारी आसानी से यात्रा कर सकें। यीडा ने कहा है कि भूखंड की पहचान के बाद जल्द ही निर्माण प्रक्रिया की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

इसके अतिरिक्त, प्रशासन अर्द्धसैनिक बलों के ग्रुप सेंटर के लिए भी भूमि आवंटन पर विचार कर रहा है। इसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सीमा सुरक्षा बल और भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कदम सुरक्षा बलों की तैनाती और संचालन को सुगम बनाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में इस तरह के परियोजनाओं से न केवल न्यायिक और सुरक्षा तंत्र को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी में भी सुधार होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित