नोएडा , मार्च 06 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी में हुए चर्चित साहिल सिंघल हत्याकांड का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा किया। नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने इस मामले में वांछित दो आरोपियों और एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में शामिल एक 16 वर्षीय नाबालिग को बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार और घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी देते हुए बताया कि आज लोकल इंटेलिजेंस की मदद से कार्रवाई करते हुए टीम ने पर्थला डूब क्षेत्र कब्रिस्तान सर्विस रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लब्बु (26) उर्फ लोकेन्द्र सोलंकी , निखिल सोलंकी (24) और प्रिया सिंह (28) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी गाजियाबाद के विष्णु एन्क्लेव, कविनगर के रहने वाले है। पुलिस ने इस मामले में शामिल एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि बुधवार होली त्योहार के दिन आरोपियों ने सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसायटी के मार्केट में साहिल सिंघल को गोली मार दी थी। गोली लगने से साहिल गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से कार में बैठकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल, दो कारतूस और इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की कार बरामद की है।

इस मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित