नोएडा , जनवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 113 थाना पुलिस ने साइबर ठगी के जरिए सोने की ज्वैलरी खरीदने वाली एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब दो लाख 15 हजार से अधिक रुपए के सोने के आभूषण और फर्जीवाड़ा में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

पुलिस ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया गया कि पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 29 वर्षीय एक महिला को नोएडा सेक्टर 119, के पास से गिरफ्तार किया। महिला के पास से एक सोने की चेन और कानों के टॉप्स की एक जोड़ी, ये सभी ज्वैलरी जिस दुकान से खरीदी गई उसके बिल सहित बरामद की गई है। साथ ही ठगी में इस्तेमाल किया गया एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसके फ्रंट कैमरे पर बिंदी लगी हुई थी।

पुलिस द्वारा महिला को गिरफ्तार कर फर्जीवाड़े का खुलासा किया गया है महिला अपने पति विक्रांत वत्स के साथ मिलकर लोगों को ऑनलाइन एचडीएफसी क्रेडिट कार्ड बनवाने का झांसा देती थी। इसके लिए फेसबुक ग्रुप्स,पेज और फर्जी अकाउंट्स के माध्यम से मोबाइल नंबर जुटाए जाते थे।

इसके बाद मोबाइल स्क्रीन शेयरिंग के जरिए पीड़ितों की क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जानकारी हासिल कर ली जाती थी। इन जानकारियों का उपयोग कर ऑनलाइन स्टोर्स से गोल्ड ज्वैलरी की खरीद की जाती और बाद में स्टोर से ज्वैलरी प्राप्त कर ली जाती थी।

वीडियो कॉल के दौरान पहचान छुपाने के लिए महिला अपने मोबाइल के फ्रंट कैमरे पर बिंदी लगाकर चेहरा स्पष्ट न दिखने देती थी।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और महिला के पति की तलाश जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित