नोएडा , फरवरी 13 -- उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 36 स्थित साइबर अपराध थाना पुलिस ने निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करीब साठ लाख रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई।

शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए ठग की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी व्हाट्सएप के जरिए लिंक भेजकर लोगों को ऑनलाइन स्टोर चलाने और निवेश पर अधिक लाभ कमाने का लालच देता था। झांसे में आकर पीड़ितों ने लाखों रुपये निवेश कर दिए लेकिन न तो कोई लाभ मिला और न ही रकम वापस हुई।

साइबर अपराध थाना पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में रामपुर के नौंगावा निवासी शहनवाज को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, चार डेबिट कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड,एक ड्राइविंग लाइसेंस, छब्बीस पन्नों का कॉलिंग डाटा बरामद किया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन लेकर अपना बैंक खाता अन्य साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराता था। इन खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों-महाराष्ट्र में तीन, आंध्र प्रदेश में एक, दिल्ली में दो, गुजरात में एक, तेलंगाना में दो, उत्तर प्रदेश में दो, हिमाचल प्रदेश में एक, केरल में एक और कर्नाटक में दो कुल पंद्रह शिकायतें दर्ज हैं। इन खातों के माध्यम से करीब एक करोड़ तीस लाख रुपये का लेन-देन हुआ है।

आरोपी के विरुद्ध नासिक सिटी, महाराष्ट्र में भी मुकदमा दर्ज है। इस प्रकरण में नोएडा साइबर अपराध थाना पुलिस द्वारा विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

साइबर अपराध पुलिस द्वारा लोगों से अपील करते हुए कहा गया है कि लगातार सरकार द्वारा एवं विभिन्न माध्यमों से शहरवासियों को साइबर अपराध के प्रति लगातार जागरूकता दी जा रही है जिसमें खासकर व्हाट्सएप या कॉल पर आए फर्जी इन्वेस्टमेंट ऑफर पर भरोसा न करें,किसी भी अनजान लिंक को क्लिक न करें।अपना बैंक खाता, ओटीपी या व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा न करें।

पुलिस ने नागरिकों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित